गोलीकांड: बच्चों के विवाद ने लिया खूनी रूप, दो की मौत

सुलतानपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के जनऊपुर गांव में गुरुवार शाम बच्चों के मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो परिवारों के बीच हुए इस विवाद में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे गांव में मातम और तनाव का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी होमगार्ड वीरेंद्र सोनकर और रमेश सोनकर के परिवारों के बच्चों के बीच कहासुनी से विवाद की शुरुआत हुई थी। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से करीब पांच राउंड फायरिंग की गई।

फायरिंग में वीरेंद्र सोनकर और उनके दो बेटे मोहित व मंगल घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मोहित को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के रमेश सोनकर भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और जांच शुरू कर दी। इस मामले में वीरेंद्र सोनकर के पक्ष से तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर दीपक सोनकर गिरफ्तार

जनऊपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर दीपक सोनकर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को धोपाप क्षेत्र से पकड़ा गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे असलहा बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दीपक के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक दीपक सोनकर लंभुआ थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ करीब दस आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!