चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की निगरानी में शिशु सुरक्षित, इलाज जारी
सुल्तानपुर। जनपद के बंधुआ कला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धारूपुर चकमार्ग के किनारे स्थित एक खेत में नवजात शिशु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शिशु को खेत में पड़े देख ग्रामीण शमशेर सिंह ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी।
चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची।
सूचना मिलते ही पीआरवी टीम, थाना बंधुआ कला पुलिस एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक संजय कुमार पाठक के निर्देशन में महिला कांस्टेबल संगीता वर्मा ने नवजात शिशु को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
नवजात शिशु को सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज (जिला अस्पताल) में भर्ती कराया गया,
इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी वी.पी. वर्मा एवं बाल कल्याण समिति के न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवमूर्ति पांडे के आदेश पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम द्वारा नवजात शिशु को सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज (जिला अस्पताल) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल शिशु की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटनास्थल पर चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक श्रीमती पूजा सिंह एवं परामर्शदाता रीता मौर्य भी मौजूद रहीं। वर्तमान में नवजात शिशु की संपूर्ण देखरेख चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 द्वारा की जा रही है। वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि नवजात शिशु को किन परिस्थितियों में खेत में छोड़ा गया।
