
सुलतानपुर-कादीपुर से अपने घर मालापुर कुकुडीपुर जा रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा कुकुडीपुर मोड़ के पास हुआ, जहां पीछे से आ रही एक अर्टिगा कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राम मूरत निषाद, पुत्र राम अवध निषाद, उम्र लगभग 60 वर्ष के रूप में हुई है। वह किसी निजी कार्य से स्कूटी से कादीपुर गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।
टक्कर लगते ही राम मूरत निषाद सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना परिजनों द्वारा कोतवाली कादीपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतक के घर और पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



