

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने अवैध कब्जों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ितों को न्याय समय पर मिलना चाहिए।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर जल्द से जल्द मदद सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी बातचीत की और उन्हें दुलारते हुए अभिभावकों से अपील की कि ठंड के मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें गर्म कपड़े पहनाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस सख्त और संवेदनशील रवैये से जनता को बड़ी राहत मिली और लोगों ने सरकार के प्रति भरोसा जताया



