सुलतानपुर। शहर के शाहगंज चौराहे के पीछे स्थित कुंजड़ाबाग इलाके में पिछले दिनों से बार- बार स्लैब लदवाने का सिलसिला लगातार जारी है। आरोप है कि स्लैब लोड करने के लिए प्रतिदिन मुख्य रास्ता पूरी तरह रोक दिया जा रहा है, जिससे आने-जाने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को एक तरफ जहाँ शहर मे जाम से हालात इतने बिगड़े कि पूरा शहर जाम की चपेट में आ गया। राहगीर, स्कूली बच्चे, ऑफिस जाने वाले लोग और मरीजों के परिजन तक घंटों जाम में फंसे रहे। वहीं मोहल्ले का रास्ता खुलवाने के लिए पुलिस की 112 सेवा का सहारा लेना पड़ा, तब कहीं जाकर रास्ता कुछ देर बाद खाली कराया गया।
स्थानीय लोगों की मानें तो यह समस्या लगातार बनी हुई है और शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। खास बात यह रही कि जब जाम लगा हुआ था, उसी दौरान उप जिलाधिकारी (SDM) भी मौके से गुजरे, लेकिन जाम व रास्ता अवरुद्ध होने की स्थिति देखकर भी उन्होंने न तो कोई पूछताछ की और न ही कोई कार्रवाई करने की कोशिश की। इससे लोगों में प्रशासन के रवैये को लेकर गहरी नाराज़गी है।
राहगीरों का कहना है कि स्लैब लदवाने का कार्य किसी भी स्थिति में मुख्य सड़क रोककर नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे आम जनता की आवाजाही पर बुरा असर पड़ता है। लोग प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर इस अव्यवस्था को दूर कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि अगर स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो वे सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल पूरे क्षेत्र में प्रशासन की निष्क्रियता और सड़क जाम की समस्या को लेकर नाराज़गी बनी हुई है।
