बार अध्यक्ष-सचिव ने विधायक विनोद सिंह का किया अभिनंदन
शहरवासियों को वर्षों पुराने ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। सुलतानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह के सतत प्रयासों से दीवानी न्यायालय के पास से वाहन पार्किंग हटाने का निर्णय सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है।
अब शुक्रवार से दोपहिया और चौपहिया वाहन केशकुमारी बालिका इंटर कॉलेज के बगल स्थित नए पार्किंग स्थल में खड़े किए जाएंगे। इस बड़ी उपलब्धि पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष और सचिव ने विधायक विनोद सिंह का अभिनंदन किया।
विगत तीन वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत विधायक विनोद सिंह ने एक सप्ताह पूर्व नगर पालिका और बार एसोसिएशन के साथ बैठक कर पार्किंग शिफ्ट करने की रूपरेखा तैयार की थी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह और सचिव दिनेश दुबे के बीच लिखित समझौता कराया गया।
बुधवार को दीवानी न्यायालय परिसर के सभागार में विधायक की मौजूदगी में एडीएम राकेश सिंह, नगर पालिका ईओ लालचंद्र सरोज तथा अधिवक्ताओं के समक्ष समझौते की शर्तें पढ़कर सुनाई गईं।
इस अवसर पर विधायक विनोद सिंह ने कहा कि
“इस फैसले से आमजन को बड़ी सहूलियत मिलेगी और न्यायालय क्षेत्र में यातायात सुचारु होगा। विधायक बनने से पहले ही यह संकल्प था कि शहर को इस जाम से मुक्त कराना है, अब वह दिन आ गया है।”
बार एसोसिएशन अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष रंग लाया है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से अपील की कि शुक्रवार से अपने वाहन नए पार्किंग स्थल में ही खड़े करें।
स्पष्ट किया गया कि अधिवक्ताओं से कोई पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि वादकारियों से निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने बार और पालिका के बीच अनुबंध कराने के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।